रामगढ (गुरदीप कुमार ) : जिला सांबा के रामगढ़ क्षेत्र के सीमावर्ती गांव भंबोचक के सपूत और सेना की 10 सिखलाई के वीर जवान शहीद कैप्टन बहादुर सिंह का 54वां बलिदान दिवस 15 दिसंबर, सोमवार को पूरे सैनिक सम्मान के साथ श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम गांव में स्थित शहीदी स्मारक पर आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक डॉक्टर देविंदर कुमार मन्याल होंगे, जो शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस संबंध में जानकारी शहीदी स्मारक समिति के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कस्बा रामगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। समिति के महासचिव सत सलारवी, प्रधान बलवंत सिंह, कोषाध्यक्ष उजागर सिंह, सदस्य भूपिंदर सिंह और जोगिंदर सिंह ने बताया कि वर्ष 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान राजस्थान के जैसलमेर–बाड़मेर सेक्टर में ‘ऑपरेशन कैक्टस लिली’ के अंतर्गत शहीद कैप्टन बहादुर सिंह ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की सर्वोच्च आहुति दी थी। समिति ने बताया कि बलिदान दिवस पर प्रातः आरंभ होकर श्रद्धांजलि समारोह तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बड़ी संख्या में ग्रामीण, पूर्व सैनिक तथा प्रशासनिक अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

